Advertisement

एसकेएमसीएच के पास महिला डॉक्टर से चेन छिनतई का खुलासा, कोढ़ा गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार

-एसकेएमसीएच के पास महिला डॉक्टर से चेन छिनतई का खुलासा, कोढ़ा गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटी गई सोने की चेन बरामद; कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर के समीप महिला डॉक्टर मधुलता सिंह से हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने अंतरप्रांतीय कोढ़ा गैंग के दो कथित कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से महिला डॉक्टर की लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। गुरुवार को सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

सिटी एसपी ने बताया कि बीते दो अक्टूबर को महिला डॉक्टर मधुलता सिंह एसकेएमसीएच के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता के आवेदन पर अहियापुर थाना के एसकेएमसीएच ओपी में कांड संख्या 1547/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कटिहार जिले के कोढ़ा तक सुराग मिला। इसके बाद सात अक्टूबर को पुलिस टीम ने कोढ़ा में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रोहित कुमार यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शेरघाटी, रामपुर, खड़गपुर, लहेरियासराय और मधुबनी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, सोनू कुमार यादव के खिलाफ झंझारपुर थाने में चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अन्य थानों से भी दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

सिटी एसपी ने बताया कि कोढ़ा गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनके आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई को महिला डॉक्टर से हुई चेन छिनतई की घटना के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।