Advertisement

एमडीडीएम कॉलेज में ‘माइंडस्केप 2026’ का आयोजन, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति छात्राओं को किया जागरूक

-एमडीडीएम कॉलेज में ‘माइंडस्केप 2026’ का आयोजन, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति छात्राओं को किया जागरूक

मुजफ्फरपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एमडीडीएम कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की ओर से ‘माइंडस्केप 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भावनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। पूरे सप्ताह आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक, ‘वॉल ऑफ होप’, ‘मेरी कहानी, मेरा अनुभव’ कहानी लेखन प्रतियोगिता, इमोशन अन्ताक्षरी, ह्यूमन चेन फॉर्मेशन और मानसिक स्वास्थ्य के स्वमूल्यांकन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों और नकारात्मक धारणाओं को दूर करने का संदेश दिया। वहीं, ‘वॉल ऑफ होप’ पर छात्राओं ने आशा, सकारात्मकता, आत्मविश्वास और भावनात्मक सहयोग से जुड़े प्रेरक संदेश लिखे।

कहानी लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपने अनुभवों, संघर्षों और भावनाओं को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला। इमोशन अन्ताक्षरी में विभिन्न भावनाओं को पहचानने और समझने का अभ्यास कराया गया। ह्यूमन चेन फॉर्मेशन के जरिए एकजुटता और परस्पर सहयोग का संदेश दिया गया। स्वमूल्यांकन गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को अपनी भावनात्मक स्थिति और तनाव के स्तर के प्रति जागरूक किया गया। यह गतिविधि चिकित्सकीय निदान के उद्देश्य से नहीं थी।

कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या प्रोफेसर अलका जायसवाल के संरक्षण में किया गया। इस दौरान संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक तनाव या भावनात्मक कठिनाइयों से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति रखनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर सहायता लेना कमजोरी नहीं, बल्कि आत्म-देखभाल और साहस का प्रतीक है।

मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं के प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम ने कॉलेज परिसर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम का समापन 13 अक्टूबर 2026 को माइंडफुलनेस सत्र और विभिन्न गतिविधियों में विजयी छात्राओं को पुरस्कृत करने के साथ होगा।