-एमजीसीयू के छात्रों ने ग्रामीण विद्यालयों में डिजिटल जागरूकता अभियान का किया आयोजन
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के सहयोग से कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने आज ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विशेष ” डिजिटल अवेयरनेस प्रोग्राम ” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का संचालन बी.टेक (कंप्यूटर साइंस) तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों—निखिल आनंद, स्वतंत्र साहू, आदिल लतीफ, प्रताप यादव, आदित्य प्रताप सिंह एवं सत्यम कुमार आदि द्वारा किया गया।
यह कार्यक्रम प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला (प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग) के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया से परिचित कराना तथा उन्हें सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से इंटरनेट एवं डिजिटल उपकरणों के उपयोग के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने बच्चों को मोबाइल, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के सही उपयोग के बारे में सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जानकारी दी। इंटरैक्टिव गतिविधियों, प्रश्नोत्तर सत्रों तथा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से डिजिटल साक्षरता के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया गया। विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तथा शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।

विशेष रूप से बच्चों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा इंटरनेट पर सतर्क रहने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि डिजिटल तकनीक उनके भविष्य के लिए कितनी महत्वपूर्ण है और इसका सही उपयोग उन्हें नई संभावनाओं की ओर ले जा सकता है।
इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विकास पारीक, प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला, डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं डॉ. शुभम कुमार सहित अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाती है, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी मजबूत करती है।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव, आईक्यूएसी के अध्यक्ष प्रो. प्रणवीर सिंह ने भी इस सराहनीय पहल के लिए विद्यार्थियों की प्रशंसा की और इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अन्य फैकल्टी सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में ग्रामीण विद्यालयों के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नई जानकारी प्राप्त की।











