-इंद्र मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, 4 अक्टूबर तक चलेगा मेला
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट। प्रखंड क्षेत्र के शिवदाहा में आयोजित इंद्र पूजनोत्सव मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है। पूजा-अर्चना और मेले का आनंद लेने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इंद्र देव की पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना कर रहे हैं।

मेले में विदेशिया नाच, धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शाम होते ही मेले में भीड़ और बढ़ जा रही है।
आयोजन समिति के अनुसार इंद्र पूजनोत्सव मेला 4 अक्टूबर तक चलेगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आयोजन समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।
मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि इंद्र पूजनोत्सव क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपरा और आस्था से जुड़ा आयोजन है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।












