-आठ माह से मानदेय नहीं मिलने पर ग्रामीण आवास सहायकों में आक्रोश, दो दिवसीय कार्य बहिष्कार
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। पिछले आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने से राजापाकर प्रखंड सहित वैशाली जिले के ग्रामीण आवास सहायकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आवास सहायकों के सामने आर्थिक तंगी, परिवार के भरण-पोषण की समस्या और मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
राजापाकर प्रखंड में पदस्थापित ग्रामीण आवास सहायक संघ के जिला अध्यक्ष सुकेश कुमार ने बताया कि जिले के किसी भी प्रखंड में कार्यरत ग्रामीण आवास सहायकों को पिछले आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तनाव के बीच सरकारी दायित्वों का निर्वहन करना भी मुश्किल हो रहा है।
आवास सहायकों का कहना है कि मानदेय भुगतान को लेकर जिला पदाधिकारी वैशाली से लेकर संबंधित विभाग के मंत्री तक पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसके बाद आवास सहायकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी राजापाकर के माध्यम से उप विकास आयुक्त, वैशाली को भी आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया हैl

आवेदन में कहा गया है कि विगत आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण ग्रामीण आवास कर्मियों के लिए आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण करने के साथ-साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना काफी कठिन हो गया है।
आवास सहायकों ने विभाग एवं सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए 12 और 13 अगस्त को कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। साथ ही ग्रामीण विकास विभाग से जल्द से जल्द लंबित मानदेय का भुगतान करने की मांग की है।
कार्य बहिष्कार एवं आंदोलन में जिला अध्यक्ष सुकेश कुमार के अलावा अमित कुमार, उमानाथ कुमार, प्रभाकर कुमार, दीनानाथ कुमार, सोनाली कुमारी, विक्रम बहादुर किशोर, मोहम्मद अजमत, प्रभात कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य ग्रामीण आवास सहायक शामिल हैं।












