Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर महिलाओं के बीच ‘एक प्रयास मंच’ ने जगाई शिक्षा की अलख

-अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर महिलाओं के बीच ‘एक प्रयास मंच’ ने जगाई शिक्षा की अलख

मुजफ्फरपुर, 8 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पुरानी गुदरी बीबी जान लेन मोहल्ले में ‘एक प्रयास मंच’ की ओर से महिलाओं के बीच शिक्षा और साक्षरता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपने परिवार और समाज को शिक्षित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मंच के संस्थापक संजय रजक ने कहा कि शिक्षा के बिना मनुष्य का जीवन अधूरा है। प्रत्येक व्यक्ति का शिक्षित होना जरूरी है। शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने परिवार को बेहतर दिशा दे सकता है, बल्कि समाज और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना और समाज में साक्षरता को बढ़ावा देना है। ‘एक प्रयास मंच’ का उद्देश्य ‘सब पढ़े, सब बढ़े’ के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। मंच की ओर से शहर के स्लम और जरूरतमंद लोगों के बीच लगातार पठन सामग्री का वितरण करने के साथ लोकगीतों के माध्यम से भी शिक्षा एवं जागरूकता का संदेश दिया जाता है।


महिलाओं के बीच आयोजित कार्यक्रम में “एक महिला पढ़ेगी, सात पीढ़ी गढ़ेगी” का संदेश दिया गया। संजय रजक ने कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है तो उसका लाभ केवल उसे ही नहीं मिलता, बल्कि वह अपने बच्चों, परिवार और समाज को भी शिक्षित एवं जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस दौरान महिलाओं के बीच पठन सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही महिलाओं को शिक्षा से जुड़ने और अपनी अगली पीढ़ी को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
‘एक प्रयास मंच’ की ओर से कहा गया कि शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में मंजु देवी, छठी कुमारी, सीमा देवी, शिल्पा, कविता, चांदनी, नितु, सुधा, संजू, पूनम, अंजली, प्रमिला, सरस्वती, चंदा, सीता सहित संजय रजक मौजूद रहे।