-हिंदू स्वयंसेवक संघ का पांच दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग संपन्न, 81 स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण
-गणवेश में बाजे-गाजे के साथ निकाली गई यात्रा -जानकी मंदिर में हुआ समापन समारोह
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर
जनकपुरधाम। हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग गुरुवार की देर शाम संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल 81 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संघ की नीतियों, आदर्शों और कार्यपद्धति के बारे में जानकारी दी गई।
समापन समारोह से पूर्व प्रशिक्षण स्थल से जानकी मंदिर तक बाजे-गाजे के साथ यात्रा निकाली गई। इसमें हिंदू स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता और पदाधिकारी गणवेश में शामिल हुए। यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह देखने को मिला।

जानकी मंदिर में आयोजित समापन कार्यक्रम में मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह, हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल के पदाधिकारी पवन ठाकुर और सत्यनारायण ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से स्वयंसेवकों को संगठन के विचारों, अनुशासन और आदर्शों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के समापन के साथ ही प्रशिक्षण में शामिल स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए।












