-मुजफ्फरपुर पिकअप लूटकांड में बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, शातिर आदर्श उर्फ पप्पू गिरफ्तार
-चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर पिकअप लेकर हुआ था फरार -भगवानपुर से हुई गिरफ्तारी
-दो स्मार्टफोन समेत कई सामान बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित पिकअप वैन लूट और धोखाधड़ी मामले में बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त आदर्श कुमार उपाध्याय उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर से की गई। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के सेमराढ़िया गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम महेश उपाध्याय बताया गया है।
दो हजार रुपये में भाड़े पर तय की थी पिकअप:
पुलिस के अनुसार, साहेबगंज थाना क्षेत्र के रामपुरा असली निवासी टाइल्स-मार्बल दुकानदार रणधीर कुमार पटेल ने 26 मई 2026 को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, घटना 25 मई की दोपहर करीब एक बजे की है। उस समय एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा और साहेबगंज से गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर जाने के लिए उनकी पिकअप वैन संख्या BR06GE 1951 को दो हजार रुपये में भाड़े पर तय किया।

आरोप है कि रास्ते में उसने चालक मोहम्मद तौहीद को नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी चालक को रास्ते में छोड़कर पिकअप वैन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
दो स्मार्टफोन और चारपहिया वाहन समेत कई सामान बरामद:
एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से दो स्मार्टफोन, एक डिजिटल घड़ी, एक चारपहिया वाहन और 450 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक अमेरिकी डॉलर का नोट, चांदी जैसी दिखने वाली धातु की अंगूठी, तीन एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस:
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी और लूटपाट से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम सुराग मिल सकते हैं। पुलिस लूटी गई पिकअप वैन की बरामदगी और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।












