-गायघाट में एनएच-27 पर पुलिया के नीचे गिरा कंटेनर, चालक गंभीर रूप से घायल
-तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलटा वाहन
-स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। गायघाट थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर एनएच-27 से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कंटेनर सड़क किनारे स्थित पुलिया के नीचे पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों की मदद से घायल चालक को कंटेनर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलने पर गायघाट थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।












