-स्वर्गीय पत्रकार रामनाथ विद्रोही को श्रद्धांजलि, राजापाकर में भावभीनी सभा आयोजित
राजापाकर (वैशाली)।
अखंड पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन वैशाली के तत्वाधान में रविवार को राजापाकर स्थित भुवनेश्वर चौक पर निजी कोचिंग संस्थान के परिसर में जिले के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रामनाथ विद्रोही की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कालेश्वर कुमार ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव नीरज कुमार ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में जिले भर से आए पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने स्वर्गीय विद्रोही के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उन्हें निडर, निर्भीक और संघर्षशील पत्रकार बताते हुए कहा कि उनका योगदान पत्रकारिता जगत के लिए अमूल्य है।
वरिष्ठ पत्रकार संतोष वर्मा ने कहा कि स्वर्गीय विद्रोही जी पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहे। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने कभी अपनी चिंता नहीं की, बल्कि पत्रकारिता को एक ऊंचे मुकाम तक पहुंचाया।

जिला अध्यक्ष कालेश्वर कुमार ने कहा कि स्वर्गीय विद्रोही वैशाली जिले में पत्रकारिता के एक चमकते सितारे थे। उनके नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने पत्रकारिता की राह पकड़ी। वह प्रमुख समाचार पत्रों में उच्च पदों पर रहकर निष्पक्ष और प्रभावी पत्रकारिता करते थे।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि विद्रोही जी न केवल पत्रकारिता में बल्कि कला के क्षेत्र में भी बहुमूल्य योगदान देने वाले व्यक्तित्व थे। उनकी अंतिम यात्रा में भारी संख्या में पत्रकारों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की उपस्थिति उनकी लोकप्रियता का परिचायक रही।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कालेश्वर कुमार, संतोष वर्मा, संजय श्रीवास्तव, नीरज कुमार, नवीन कुमार सिंह, अमरनाथ चौहान, राजेंद्र सिंह, आशुतोष आनंद, सुनील कुमार, मुरारी चौधरी, मोहन कुमार, बिजेंद्र कुमार, बिट्टू कुमार, सुरंजन कुमार, मनीष कुमार, रौशन सिंह आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
– संवाददाता












