Advertisement

स्पॉट: गया में ठंड में ठिठुरते लोगों को जिलाधिकारी ने ओढ़ाया कंबल

-ठंड में ठिठुरते लोगों को जिलाधिकारी ने ओढ़ाया कंबल

 

गया।संवाददाता।

जिलाधिकारी गया डॉक्टर त्यागराजन एसएम के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम द्वारा ठंड से बचाव हेतु किये जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया है। इस क्रम में शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों सहित मुख्य चौक-चौराहों का भ्रमण किया गया है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गया नगर निगम अभिलाषा शर्मा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा दिवेश शर्मा, उप नगर आयुक्त गया नगर निगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रात के भ्रमण क्रम में जिलाधिकारी द्वारा समुचित अलाव की व्यवस्था, रैन बसेरा का संचालन, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण आदि की जानकारी उपस्थित अधिकारियों से ली गयी। जिलाधिकारी द्वारा ठंड से बचाव हेतु किये जा रहे उपायों पर संतोष प्रकट किया गया है। इसके साथ ही यह निर्देश भी दिया गया कि ठंड से बचाव हेतु किये जा रहे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, कोताही नहीं बरती जाय, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी द्वारा गांधी मैदान के समीप रिक्शा चालकों, भिक्षुकों और अन्य जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया एवं जल रे अलाव का जायजा लिया गया है। अलाव के समीप बैठे व्यक्तियों से जानकारी लेने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए धन्यवाद दिया कि हम सभी असहाय व्यक्तियों के लिए अलाव की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को निर्देश दिया गया कि बोधगया महाबोधि मंदिर के समीप आज ही जाकर बुजुर्ग व्यक्तियों,असहाय व्यक्तियों के बीच जरूरतमंदों को स्वयं कंबल बाटने का कार्य करे।
जिलाधिकारी ने कहा कि गत एक सप्ताह से लगातार तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। इसको ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा ठंड से बचाव हेतु सभी व्यवस्थाएं की जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था, लोगों के ठहरने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था के अलावा जरूरतमंदों के बीच युद्धस्तर पर कंबल का वितरण कराया जा रहा है।
सभी संबंधित अधिकारियों को निदेश दिया कि रात के समय भ्रमण कर जरूरतमंदों को ठंड से बचाव की सामग्री का वितरण किया जाय और किसी भी जगह से ठंड की वजह से किसी प्रकार की दुर्घटना होने की सूचना नहीं आनी चाहिए।
जिलाधिकारी द्वारा गया जिलेवासियों से ठंड में पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण, अलाव की व्यवस्था जनहित में कराने की अपील की गई है।