-स्कूल परिसर में शिक्षकों की हरकत, शिक्षा विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण
जमुई। बिहार के जमुई जिले के सोनो प्रखंड स्थित चरकापत्थर उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में दो शिक्षकों की कथित अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। आरोप है कि BPSC शिक्षिका खुशबू कुमारी और BPSC शिक्षक कन्हैया स्कूल परिसर में बेंच पर लेटकर वीडियो कॉल पर बातचीत किया करते थे, जिससे स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा था।
इस मामले की शिकायत एक सेना अधिकारी ने शिक्षा विभाग को पत्र देकर की थी। शिकायत के बाद जमुई शिक्षा विभाग हरकत में आया और दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगते हुए एक हफ्ते के अंदर साक्ष्य सहित जवाब देने का निर्देश जारी किया। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) सीमा कुमारी द्वारा पत्र निर्गत किया गया है।

मामले पर मचा हंगामा:
इस घटना के बाद शिक्षकों की गरिमा पर सवाल उठने लगे हैं। जहां एक ओर इसे गुरु-शिष्य परंपरा पर आघात बताया जा रहा है, वहीं शिक्षा विभाग भी सवालों के घेरे में आ गया है। इस प्रकरण को लेकर जमुई में खूब चर्चा हो रही है, और दोनों शिक्षकों की तीखी आलोचना की जा रही है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में दोषी पाए जाने पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।











