Advertisement

सोनपुर मेले से वायरल हुई काजल ने भोजपुरी इंडस्ट्री पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ‘प्रमोशन के नाम पर हुआ धोखा’

-सोनपुर मेले से वायरल हुई काजल ने भोजपुरी इंडस्ट्री पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ‘प्रमोशन के नाम पर हुआ धोखा’

पटना।अनूप नारायण सिंह। सोनपुर मेले के थिएटर से सोशल मीडिया पर वायरल होकर चर्चा में आईं काजल भोजपुरी इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। काजल ने उन प्रमोटरों और लोगों को तलाशने की बात कही है, जिन्होंने उनकी लोकप्रियता का फायदा उठाकर उनसे काम तो कराया, लेकिन वादे पूरे नहीं किए।
मेरठ की रहने वाली काजल वर्ष 2023 में सोनपुर मेले के शोभा सम्राट थिएटर में हजारों कलाकारों के साथ एक महीने तक स्टेज परफॉर्मेंस के लिए आई थीं। उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनके डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होकर उन्हें देशभर में पहचान दिला देंगे। बताया जाता है कि सोनपुर मेले में उनके स्टेज शो का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो गए।
काजल का आरोप है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री के कई लोगों ने उन्हें एल्बम और म्यूजिक वीडियो में काम देने का वादा किया। कई प्रोजेक्ट्स की शूटिंग भी हुई, लेकिन अधिकांश गाने रिलीज नहीं किए गए। उनका कहना है कि एक-दो गाने रिलीज हुए भी तो उन्हें पर्याप्त प्रचार नहीं मिला।


भोजपुरी फिल्म उद्योग के अनुभवों को साझा करते हुए काजल ने कहा कि इस क्षेत्र में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कई ऐसे प्रस्ताव भी मिले जिन्हें स्वीकार करना उनके लिए संभव नहीं था। काजल का कहना है कि आर्थिक मजबूरी में इस क्षेत्र में आने वाली हर लड़की को गलत नजरिए से देखना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि अब वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय हैं और अपने इंस्टाग्राम तथा यूट्यूब चैनल के माध्यम से अच्छी आय अर्जित कर रही हैं। काजल के अनुसार, उन्हें हिंदी, पंजाबी और अन्य भाषाओं के कई नए प्रोजेक्ट्स भी मिल रहे हैं। हालांकि भोजपुरी इंडस्ट्री के साथ उनका अनुभव मिश्रित रहा, लेकिन वह मानती हैं कि पहचान उन्हें सबसे पहले भोजपुरी जगत और सोनपुर मेले से ही मिली।
काजल ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई परेशानी नहीं है कि लोग उन्हें थिएटर में नृत्य करने वाली कलाकार के रूप में पहचानते हैं। उनका मानना है कि व्यक्ति को अपनी जड़ों और संघर्षों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर मंच पर प्रदर्शन करने वाली लड़की को गलत नजरिए से देखना समाज की संकीर्ण सोच को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि काजल के बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं और भोजपुरी मनोरंजन जगत में भी इसको लेकर बहस छिड़ी हुई है।