Advertisement

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की बैठक, राधा मोहन सिंह ने दिया मार्गदर्शन

-सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की बैठक, राधा मोहन सिंह ने दिया मार्गदर्शन

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को मोतिहारी सर्किट हाउस में भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राधा मोहन सिंह ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत बूथ और परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिले में अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों के तहत अरेराज में मेगा स्वास्थ्य शिविर, युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, जबकि ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम में संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सामने लाया जाएगा।

इसके अलावा गांव से राज्य स्तर तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं ‘विकसित भारत 2047 का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा के रंग/भारत मंडला’ के तहत रंगोली, हैकाथॉन और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

अभियान के तहत ‘25 साल, 25 कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं वडनगर-वाराणसी यात्रा में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पवित्र जल लेकर यात्रा करेंगे।

बैठक में विधायक प्रमोद कुमार, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर लालबाबू प्रसाद सहित भाजपा के कई जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।