Advertisement

सीबीएसई 10वीं में चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर का जलवा, 100% रिजल्ट के साथ छात्रों ने रचा इतिहास

-सीबीएसई 10वीं में चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर का जलवा, 100% रिजल्ट के साथ छात्रों ने रचा इतिहास

बांका | संवाददाता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), नई दिल्ली द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर, जगतपुर (बांका) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, वहीं कई छात्रों ने जिले की मेरिट सूची में भी शीर्ष स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष कुल 119 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी ने उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता प्राप्त की। विद्यालय के छात्र आर्यन कुमार साह ने 97.2% अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आदित्य राज ने 93.8% अंक के साथ द्वितीय और साक्षी सिन्हा ने 92% अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के कई छात्रों ने गणित, विज्ञान और संस्कृत जैसे विषयों में 98 से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और खुशी का इजहार कर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य मिथिलेश कुमार ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि चारित्रिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही यह बताया गया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आगामी वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
विद्यालय की सफलता के पीछे नियमित मॉक टेस्ट, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और मानसिक स्वास्थ्य सत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार, नवनीत आचार्य, नीरज कुमार झा, पप्पू कुमार सिंह, संजीव कुमार सुधांशु, दिलीप कुमार झा, राजेश कुमार मिश्रा, अभय कुमार सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।