चंपारण की खबर::
-सीतामढ़ी सांसद से दो करोड़ की रंगदारी मांगने वाला रक्सौल से गिरफ्तार
– रक्सौल-पटना पुलिस टीम ने की घेराबंदी तो मिली सफलता
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
सीतामढ़ी सांसद सुनील कुमार पिंटू से दो करोड़ रूपये की रंगदारी मांगने वाले अनिश झा को नेपाल भागने के दौरान पुलिस ने रक्सौल के भारत-नेपाल सीमा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पटना पुलिस की इस कार्रवाई में रक्सौल पुलिस का बेहतर सहयोग रहा। जानकारी के अनुसार रंगदारी मांगने वाला अनिश झा शिवहर जिला अंतर्गत पूरनहिया थाना क्षेत्र स्थित चिरैया गांव का निवासी है। वहीं शिवहर पुलिस अनीश झा को शिवहर जिला के पिपराही थाना क्षेत्र स्थित अंबाकला के पूर्व पंचायत समिति सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता नवीन झा की हत्या मामले में भी तलाश थी। बता दें कि बीते 11 नवंबर 2021 की रात अपराधियों ने अंबाकला टोला में गोली मारकर पूर्व पंचायत समिति सदस्य नवीन झा को जख्मी कर दिया था। वहीं 12 नवंबर के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

पुलिस ने शूटर समेत एक दर्जन बदमाशों को जेल भेज दिया था। हालांकि पुलिसिया जांच में अनीश जा का सीधा कनेक्शन सामने नहीं आया था फिर भी मामला दर्ज होने के कारण पुलिस को उसकी तलाश थी। जानकारों की माने तो वह दिल्ली में कोचिंग चलाता था। तभी शिवहर जिले के रितेश त्रिवेदी फुलकाहां गांव निवासी ने 35 लाख रूपए ठगी का मामला दर्ज कराया था। बाद में मामला मैनेज हो गया। वही सीतामढ़ी सांसद से रंगदारी मामला सामने आया है। सीतामढ़ी जदयू के सांसद सुनील कुमार पिंटू की वीडियो एडिट कर 2 करोड़ की रंगदारी मांगने में नेपाल भागने के दौरान अनीश झा को रक्सौल से पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और अपने साथ पटना ले गई। सांसद ने बीते 28 मई को पटना शास्त्री नगर थाने में रंगदारी संबंधी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें पुलिस ने जांच किया तो पता चला कि अनीश ने अपने मोबाइल फोन से रंगदारी की मांग की थी। पटना पुलिस लगातार कई दिनों से फोन लोकेशन ट्रेस कर रही थी। गुरुवार को शास्त्री नगर पुलिस थाना लोकेशन मिली कि अनिश रक्सौल में है। इस पर पुलिस टीम रक्सौल पहुंची और साथ में रक्सौल पुलिस के सहयोग से सीमा क्षेत्र को नाकाबंदी करके उसे भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया।
















