-कुढ़नी में डीएम की पहल का असर, छह घंटे में मृतक के आश्रित को मिला चार लाख का अनुग्रह अनुदान
मुजफ्फरपुर/कुढ़नी। जिलाधिकारी कुमार गौरव के निर्देश पर कुढ़नी अंचल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोखर में डूबने से मृत युवक के आश्रित को महज छह घंटे के अंदर चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया। राशि मिलने के बाद मृतक की मां ने जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
दरअसल, जिलाधिकारी ने 22 सितंबर को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, कुढ़नी का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान अमरख गांव की रितु कुमारी ने उनसे मिलकर बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को अमरख स्थित पोखर में डूबने से उनके पुत्र शुभम कुमार की मौत हो गई थी, लेकिन अनुग्रह अनुदान की राशि अब तक नहीं मिली है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही अंचल अधिकारी को 24 घंटे के अंदर नियमानुसार राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंचल कार्यालय को आवंटन प्राप्त हुआ और 22 सितंबर की शाम ही मृतक की मां रितु कुमारी को चार लाख रुपये का चेक सौंप दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के प्रावधान के तहत नदी, तालाब या गड्ढे में डूबने से होने वाली मृत्यु को विशेष स्थानीय प्रकृति आपदा के तहत अनुग्रह अनुदान देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लिए जनता की संतुष्टि सर्वोपरि है। अधिकारियों को जनहित की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए सजग और संवेदनशील रहने का निर्देश दिया गया है।












