-सावन में 17वें वर्ष भी लगेगा निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर, तैयारियों को लेकर शिव सेवा समिति की बैठक
मुजफ्फरपुर। सावन माह में आयोजित होने वाले निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर रविवार को शिव सेवा समिति, मुजफ्फरपुर की महत्वपूर्ण बैठक रज्जू साह लेन स्थित समिति सदस्य अनिल झा के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, सेवा कार्यों और सदस्यों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समिति से जुड़े नए सदस्यों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत भी किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 17 वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी श्रावण मास में एनएच-22 स्थित शंभू मार्केट, चंद्रहट्टी (मुजफ्फरपुर) में भव्य निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर लगाया जाएगा। शिविर का उद्देश्य दूर-दराज़ से आने वाले शिवभक्तों को निःस्वार्थ भाव से सेवा, सहयोग और सम्मान प्रदान करना है।

शिविर में कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, भोजन-प्रसाद, चाय, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सके।
समिति के संयोजक मुकेश कुमार पटेल ने कहा कि यह सेवा शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानव सेवा के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्य पूरी निष्ठा और सेवा-भाव से शिवभक्तों की सेवा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने समाजसेवियों एवं युवाओं से भी इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
बैठक में अनिल झा, संजय कुमार मुन्ना, टुनटुन शर्मा, रणधीर कुमार, अभिषेक चंद्रा, लखींद्र शाह, प्रमोद कुमार, सुशील कुमार, मनीष कुमार, सनी कुमार, अमित कुमार, रघुवीर शाह, राजीव कुमार, भोला पटेल, चंदन कुमार, राजन सिंह, दीपक पांडे, रतन कुमार झा तथा राजेश कुमार महतो सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सावन के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।












