-सावन की पहली सोमवारी पर शिव शक्ति धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, देर शाम हुआ बाबा का विशेष श्रृंगार
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर बन्दरा प्रखंड के बरियारपुर-मोहनपुर स्थित प्रसिद्ध शिव शक्ति धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जलाभिषेक, दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पहली सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ देर शाम तक लगी रही।

शाम के समय भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया तथा विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने लायक था।
बरियारपुर के श्मशान स्थल पर स्थित बाबा बुद्धेश्वर का यह प्राचीन मंदिर शिव शक्ति धाम के नाम से प्रसिद्ध है। स्थानीय लोगों के बीच भगवान शिव को ‘हठी बाबा’ के नाम से भी जाना जाता है। इस मंदिर से कई पौराणिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं, जिसके कारण यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर का संचालन धर्मादा कमिटी के नेतृत्व में किया जाता है। सावन सहित वर्षभर महाशिवरात्रि और अन्य विशेष धार्मिक अवसरों पर यहां भव्य पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पहली सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर शिव शक्ति धाम की धार्मिक महत्ता को दर्शाया।












