Advertisement

सात माह की गर्भवती विवाहिता चार दिनों से लापता

-सात माह की गर्भवती विवाहिता चार दिनों से लापता

-परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव छिपाने का लगाया आरोप

मुजफ्फरपुर। जिले के पियर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां डेढ़ वर्ष पहले शादी के बंधन में बंधी सात माह की गर्भवती विवाहिता पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक महिला का कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, पियर थाना क्षेत्र की नूनफरा पंचायत के कोइली गांव निवासी बिट्टू कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी सात माह की गर्भवती थी। चार दिन पहले उसके अचानक लापता होने की सूचना मिलने पर खुशबू के पिता बेटी के ससुराल पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां घर बंद मिला और परिवार के सभी सदस्य फरार थे। इसके बाद उन्होंने पियर थाने में आवेदन देकर आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस महिला का पता लगाने या मामले का खुलासा करने में सफल नहीं हुई है। उन्होंने जांच की रफ्तार पर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं, पियर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी है। सोमवार को डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई है, ताकि महिला का सुराग मिल सके और जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
फिलहाल महिला का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।