-साइकिल छीनने का विरोध करने पर नौ वर्षीय छात्र के सीने में घोंपी कैंची, दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। कुढ़नी प्रखंड के फकुली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साइकिल छीनने का विरोध करने पर एक युवक ने चौथी कक्षा के नौ वर्षीय छात्र के सीने में कैंची घोंपकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्र की पहचान दामोदरपुर निवासी भास्कर झा के पुत्र सूर्यनारायण झा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सूर्यनारायण अपने दादा प्रमोद झा को पदमौल से बुलाने के लिए साइकिल से घर से निकला था। रास्ते में स्थानीय निवासी अमृत सहनी ने उसे रोक लिया और उसकी साइकिल जबरन छीनने का प्रयास किया। छात्र ने साइकिल देने का विरोध किया तो आरोपी ने पहले उसके सिर पर घूंसे से वार किया।

बताया गया कि छात्र के साइकिल नहीं छोड़ने पर आरोपी ने जेब से कैंची निकाल ली और उसके सीने में घोंप दी। कैंची लगते ही छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी छात्र की साइकिल लेकर भागने लगा।
इधर, वारदात देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी की। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर फकुली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों की पिटाई में घायल आरोपी का भी प्राथमिक उपचार कराया गया।
गंभीर रूप से घायल सूर्यनारायण को परिजनों ने आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
फकुली थानाध्यक्ष विष्णुकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी पुलिस हिरासत में है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में विधि सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।














