Advertisement

सरस्वती शिशु मंदिर में नवनिर्मित तरण ताल, झूला और स्लाइडर का उद्घाटन

-सरस्वती शिशु मंदिर में नवनिर्मित तरण ताल, झूला और स्लाइडर का उद्घाटन

-खेलकूद शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग, इससे बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है : ख्यालीराम

भागलपुर। पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, भागलपुर में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को नवनिर्मित तरण ताल, झूला एवं स्लाइडर सहित विभिन्न खेल उपकरणों का उद्घाटन किया गया। संगठन मंत्री ख्यालीराम, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, विभाग निरीक्षक सतीश कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा ने संयुक्त रूप से श्रीफल फोड़कर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि खेलकूद शिक्षा एवं शिक्षण का महत्वपूर्ण अंग है। खेल और मनोरंजन के माध्यम से भी विद्यार्थी कई महत्वपूर्ण बातें सीखते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल की अहम भूमिका होती है।

वहीं, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि विद्यालय के वाटिका एवं शिशु खंड के विद्यार्थियों के लिए तरण ताल, स्लाइडर और झूला मनोरंजन के महत्वपूर्ण साधन हैं। इस प्रकार के खेल उपकरण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में काफी लाभदायक साबित होंगे।

कार्यक्रम में भागलपुर विभाग के सभी प्रधानाचार्य, विद्यालय के आचार्य एवं आचार्या, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, मनोज तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।