-बीआरएबीयू में लॉ प्रवेश परीक्षा की तैयारी तेज, 15 दिसंबर तक हो सकती है परीक्षा
-एलएलबी और पांच वर्षीय प्री-लॉ कोर्स में नामांकन का इंतजार कर रहे दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने लॉ कोर्स में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की कवायद तेज कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2026-27 के तीन वर्षीय एलएलबी और पांच वर्षीय प्री-लॉ कोर्स में दाखिले के लिए परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है। प्रस्ताव के अनुसार, सीनेट की बैठक के बाद 15 दिसंबर तक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा सकती है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
दोनों लॉ कोर्स में नामांकन के लिए दो हजार से अधिक अभ्यर्थी करीब पांच महीने से इंतजार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नए सत्र में भी प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही नामांकन लिया जाएगा। संभावित परीक्षा तिथि सामने आने से अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जगी है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सीनेट की बैठक के बाद परीक्षा आयोजित करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने, पर्यवेक्षण और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित शाखाओं को सक्रिय किया गया है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराई जाए।
गौरतलब है कि पिछले सत्र की प्रवेश परीक्षा में निर्धारित उत्तीर्णांक के अनुसार बेहद कम अभ्यर्थी सफल हो सके थे। पिछली बार 120 अंकों की परीक्षा में 50 प्रतिशत यानी 60 अंक प्राप्त करना अनिवार्य था। हालांकि, इस मानक पर कोई भी अभ्यर्थी सफल नहीं हो सका था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा बोर्ड की बैठक बुलाकर कटऑफ अंक कम करने का प्रस्ताव पारित करना पड़ा था, ताकि उपलब्ध सीटों के अनुसार नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
अब नए सत्र की प्रवेश परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय की तैयारियां तेज होने से लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की संभावना है।












