-समस्तीपुर में इंटरसिटी ट्रेन के पहिये से धुआं और चिंगारी, यात्रियों में अफरा-तफरी
समस्तीपुर। सोनपुर रेल मंडल के खुदीराम बोस पूसा और दुबहा रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे ट्रेन नंबर 15549, जो जयनगर से पटना जा रही थी, के पहिये से अचानक चिंगारी और धुआं उठने लगा। इससे ट्रेन के यात्री घबराकर शोर मचाने लगे। चालक ने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में रोक लिया। ट्रेन रुकते ही सैकड़ों यात्री भागते हुए ट्रेन से कूद गए, जिससे कुछ यात्री घायल भी हुए।

सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस और यांत्रिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ब्रेक बाइंडिंग में आई समस्या को ठीक किया। इस प्रक्रिया के बाद ट्रेन को दुबहा स्टेशन पर ले जाया गया। दुबहा स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन को करीब 10:54 बजे पहुंचाया गया और करीब 41 मिनट की देरी के बाद 11:35 बजे रवाना किया गया। रेल पुलिस के अनुसार, यह घटना ब्रेक बाइंडिंग के कारण हुई, जिसमें धुआं और चिंगारी उत्पन्न हुई।
**#समस्तीपुर #इंटरसिटीट्रेन #रेलवेघटना #दुबहास्टेशन #रेलपुलिस #यात्रीसुरक्षा #बिहार











