-सपही गांव में पांच दिवसीय योग शिविर संपन्न, तीन हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। लक्ष्मीनियां गांवपालिका के सपही गांव में आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का सफल समापन हो गया। शिविर का उद्घाटन सांसद चंद्र मोहन यादव ने किया था।
उद्घाटन अवसर पर सांसद ने कहा था कि “योग रखे निरोग”। उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में स्वस्थ रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। हवा, पानी और भोजन सभी दूषित होते जा रहे हैं तथा लोगों की शारीरिक मेहनत कम हो गई है, जिसके कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड और डिप्रेशन जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
योग शिविर में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित तीन हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका सहित विभिन्न योगासन कुशल योग गुरुओं द्वारा सिखाए गए।

नेपाल पतंजलि योग के राष्ट्रीय अध्यक्ष लवलेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में संविधान सभा सदस्य एवं पूर्व संघीय राज्य मंत्री अरविंद साह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जानकी पतंजलि योग पीठ जनकपुरधाम के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं योग गुरु विमल पंडित की विशेष भूमिका रही।












