🔥 -शॉर्ट सर्किट से अग्निकांड, दो घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा
मुजफ्फरपुर/बंदरा | दीपक कुमार
जिले के बन्दरा प्रखंड के पटसारा सखौरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 12 में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
इस हादसे में पीड़ित देवन राम और जीतू कुमार के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से घर में रखा नकदी, अनाज, कपड़ा, बर्तन समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों घरों का सारा सामान जल चुका था।
घटना की सूचना हत्था थाना एवं बंदरा अंचल प्रशासन को दे दी गई है। वहीं बंदरा के अंचलाधिकारी अंकुर राय ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को निर्देशित किया गया है। पीड़ितों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।












