-लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर बिहार के मंत्री को मिली धमकी
ब्यूरो।पटना।
बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह को एक गंभीर धमकी का सामना करना पड़ा है, जिसे लेकर राज्य में हड़कंप मच गया है। धमकी देने वाले ने मंत्री से 30 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है। और साथ ही यह भी कहा है कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें भी उसी तरह का अंजाम भुगतना होगा जैसा बीते साल मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के साथ हुआ था। धमकी देने वाले ने अपने संदेश में मंत्री की निजी गाड़ी का नंबर भी बताया, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
मंत्री संतोष सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्हें कई बार अंजान नंबर से फोन आया और बार-बार कट कर दिए गए। इसके बाद लगातार व्हाट्सएप मैसेज भी आने लगे, जिनमें पैसे की मांग की गई थी। एक संदेश में यह भी कहा गया था कि “तुम्हें 24 घंटे के अंदर पता चल जाएगा।”

धमकी देने वाले ने उन्हें यह भी चेतावनी दी कि अगर 30 लाख रुपये नहीं मिले, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मंत्री ने यह भी बताया कि धमकी देने वाले ने उनके निजी गाड़ी के नंबर का जिक्र किया, जिससे यह और भी डरावना हो गया।
संतोष सिंह ने इस धमकी के बाद बिहार के डीजीपी से शिकायत की और पूरी घटना की जांच करने की अपील की।डीजीपी ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है और धमकी देने वाले के व्हाट्सएप नंबर की जांच शुरू कर दी गई है। मंत्री ने यह भी बताया कि जिस नंबर से धमकी आ रही है, वह संभवत: बिहार से बाहर का है और धमकी देने वाली आवाज भी काफी अलग थी।











