Advertisement

रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर

-रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर परिसर में सोमवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने किया। बैठक में समिति के सभी सदस्य, स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में अधिकांश आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं तथा चिकित्सक नियमित रूप से ओपीडी में मरीजों का परामर्श एवं उपचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी सहित विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा भी उपलब्ध है।
समिति के अध्यक्ष एवं बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आम जनता तक समय पर पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, जिससे अधिक संख्या में लोग शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकें।


बीडीओ ने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देने तथा उन्हें समय पर समुचित उपचार एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश राय ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनका समय पर इलाज सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों का जायजा लिया। साथ ही आवश्यक अतिरिक्त उपकरणों की उपलब्धता के लिए जिला स्तर पर पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्य महेश कुमार साह, प्रियंका कुमारी, आरती देवी, संजीत राम, अनिल कुमार, अशोक पासवान, सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।