Advertisement

राजापाकर: विश्व योग दिवस पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में योग शिविर आयोजित

-राजापाकर: विश्व योग दिवस पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में योग शिविर आयोजित

राजापाकर/संवाददाता। विश्व योग दिवस के अवसर पर ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने की।
शिविर का शुभारंभ कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रवि रंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को विभिन्न बीमारियों से दूर रखता है तथा उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि योग से व्यक्ति अपने अंदर निहित शक्तियों को जागृत कर सकता है और आत्मबल को सुदृढ़ बना सकता है।


उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम दस मिनट योग अवश्य करना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को नियंत्रित रखने में भी सहायता मिलती है। उन्होंने सभी से “करें योग, रहें निरोग” का संदेश अपनाने की अपील की।
योग शिविर के दौरान ध्यान, प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, हलासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। योगाभ्यास के माध्यम से सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।