-राजापाकर में वोटिंग के साथ मिला हेल्थ बोनस — मतदान केंद्रों पर लगा स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण से खुश दिखे मतदाता
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट।
राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में मतदान दिवस लोगों के लिए लोकतंत्र और स्वास्थ्य दोनों का पर्व बन गया। मतदान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर की ओर से विभिन्न बूथों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ मतदाताओं को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
राजकीय मध्य विद्यालय बंघारा, राजापाकर के परिसर स्थित बूथ नंबर 79/80 पर बड़ी संख्या में मतदान करने आए महिला-पुरुषों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। वहाँ पर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को आवश्यक दवाएं प्रदान कीं।
इसी तरह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर परिसर में बने पाँच बूथों में से बूथ नंबर 65 पर एएनएम गायत्री कुमारी के नेतृत्व में पंचायत की आशा और ममता कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य शिविर लगाया।

शिविर में आने वाले मतदाताओं के बीच विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, आयरन, कैल्शियम जैसी दवाइयाँ महिलाओं को दी गईं, जबकि बुखार, ठंड, या घाव जैसी समस्याओं के लिए पैरासिटामोल, एमोक्सीसिलिन, सिप्लाडीन क्रीम आदि का वितरण किया गया।
मतदाताओं में दिखी दोहरी खुशी:
लोगों ने मतदान के साथ ही स्वास्थ्य जांच और दवा का लाभ पाकर खुशी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि “आज मतदान करने आए तो साथ में दवा भी मिल गई — ये अपने आप में अनोखी पहल है।”
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल मतदाताओं में काफी सराही जा रही है, क्योंकि इससे मतदान केंद्रों पर उत्साह और सहभागिता दोनों में वृद्धि देखी गई।












