-राजापाकर में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 7 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना क्षेत्र के जाफरपट्टी पंचायत में विशेष गश्ती के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 7.04 ग्राम ब्राउन शुगर, कई छोटी डिब्बियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को हाजीपुर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा शनिवार की संध्या सुरक्षा बलों के साथ विशेष दिवा गश्ती एवं छापेमारी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान जाफरपट्टी हाई स्कूल के पास पुलिस वाहन को देखकर दो युवक भागने लगे। पुलिस को संदेह होने पर जवानों ने दोनों को खदेड़कर कचरा भवन के पास पकड़ लिया।
पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम ऋषिकेश कुमार (27 वर्ष), पिता राजेश कुमार सिंह, निवासी जाफरपट्टी वार्ड संख्या-7 बताया। वहीं दूसरे युवक ने अपना नाम रितेश कुमार (19 वर्ष), पिता अशोक शाह, निवासी जाफरपट्टी वार्ड संख्या-8 बताया।

तलाशी के दौरान ऋषिकेश कुमार के पैंट की जेब से उजले रंग की पॉलिथीन में रखी छह छोटी डिब्बियां और एक बड़ी डिब्बी में ब्राउन शुगर बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 3.39 ग्राम पाई गई। साथ ही एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया।
वहीं रितेश कुमार की तलाशी लेने पर उसके पैंट की जेब से उजले रंग की पॉलिथीन में रखी नौ छोटी डिब्बियों में ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका वजन 3.65 ग्राम निकला। दोनों के पास से कुल 7.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर सभी सामान जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में हाजीपुर जेल भेज दिया।












