Advertisement

राघोपुर नाव हादसा: बच्चे का शव देख बेसुध हुई मां, डीएम वर्षा सिंह से लिपटकर फूट-फूटकर रोई

राघोपुर नाव हादसा: बच्चे का शव देख बेसुध हुई मां, डीएम वर्षा सिंह से लिपटकर फूट-फूटकर रोई

-वैशाली में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, पीड़ित परिवारों के चीत्कार से गमगीन हुआ दियारा इलाका

वैशाली/बिहार(दीपक तिवारी)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद दियारा इलाके में मातम पसरा है। अपनों को खोने वाले परिवारों की चीख-पुकार से नदी किनारे का माहौल गमगीन हो गया। इसी बीच एक ऐसा मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।

अपने बच्चे का शव देखकर एक मां सुध-बुध खो बैठी। असहनीय दुख से बेहाल महिला वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। वह बार-बार अपने बच्चे को वापस लाने की गुहार लगा रही थी। मां की चीत्कार और बेबसी देखकर वहां मौजूद लोगों के लिए भी अपने आंसू रोक पाना मुश्किल हो गया।

पीड़ित मां को गले लगाकर डीएम ने बंधाया ढांढस:

नाव हादसे के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही थीं। पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचीं डीएम के सामने जब एक मां का दर्द छलक पड़ा, तो उन्होंने उसे गले लगाकर सांत्वना दी। उन्होंने महिला की पीठ थपथपाई और उसे संभालने की कोशिश की।

इस दौरान मां का विलाप और बच्चे को खोने का दर्द देखकर माहौल बेहद भावुक हो गया। घटना के इस दृश्य ने वहां मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को भी भावुक कर दिया।

राघोपुर में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। जिन घरों में बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है। हादसे से प्रभावित परिवारों के लिए यह दुख शब्दों में बयां करना मुश्किल है।