-मोतीपुर डेयरी में अग्निशमन विभाग की मॉकड्रिल, आग से बचाव के उपायों की दी जानकारी
मुजफ्फरपुर, 30 जुलाई 2026। अनुमंडल अग्निशमालय मोतीपुर की ओर से गुरुवार को तिरहुत दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ लिमिटेड (मोतीपुर डेयरी) परिसर में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल, रेस्क्यू ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी, सहायक अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी तथा अग्निशमन कर्मियों ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), प्राथमिक बचाव कार्य और आग पर प्रारंभिक नियंत्रण के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

मॉकड्रिल के माध्यम से कर्मचारियों को बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता और सही तकनीक अपनाकर जान-माल की क्षति को काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग और आग से बचाव के आवश्यक उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करना तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में डेयरी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के जवान मौजूद रहे।












