Advertisement

मोतीपुर के सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुनीं जनसमस्याएं, करोड़ों की योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

-मोतीपुर के सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुनीं जनसमस्याएं, करोड़ों की योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

मुजफ्फरपुर।दीपक। मोतीपुर प्रखंड के गोसाईंपुर स्थित परसौनीनाथ पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। साथ ही कई लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के परसौनीनाथ पंचायत स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। बाबा गरीबनाथ की धरती पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।