Advertisement

मोतिहारी केंद्रीय विश्वविद्यालय का जल्द बनेगा भवन : मुख्यमंत्री

चंपारण की खबर::

– मोतिहारी केंद्रीय विश्वविद्यालय का जल्द बनेगा भवन : मुख्यमंत्री

मोतिहारी / राजन द्विवेदी ।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में जब हमें बिहार के लोगों ने काम करने का मौका दिया तो हमने यहीं से अपना अभियान चलाया। बापू ने यहां के लोगों को जागरुक कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में मोतिहारी में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना करने की स्वीकृति प्रदान की गई। वर्ष 2016 में यहां काम शुरु हुआ। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द इसका भवन बन जाए। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के लिए हम लोगों ने 136 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी हैं, इन्हें और भूमि की आवश्यकता है, जिसके लिए हमने अधिकारियों को निर्देश दे दिया है कि यथाशीघ्र शेष भूमि भी उपलब्ध करा दें। अगले 3 दिन में 140 एकड़ भूमि और विश्वविद्यालय को स्थानांतरित करना सुनिश्चित करें और उसके बाद भवन निर्माण का कार्य भी यथाशीघ्र शुरु कराएं। राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी। राज्य सरकार गया में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना में हर संभव मदद कर रही है। गया की धरती काफी पौराणिक एवं ऐतिहासिक है। हमारी इच्छा है विश्वविद्यालय के भवन निर्माण का कार्य तेजी से हो।

जमीन चिन्हित होने के बाद उसकी घेराबंदी तथा आवागमन का रास्ता का काम हम लोग तेजी से करा देंगे।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के कैंपस में विद्यार्थियों के साथ-साथ पढ़ानेवाले लोगों के आवासन की व्यवस्था भी रहेगी ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की समस्या नहीं आए। हम चाहते हैं कि महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी सबसे अच्छा बन जाए। मुझे बेहद खुशी होगी। मैं आप सभी को बधाई देता हूं। इस विश्वविद्यालय का अपना भवन जब बनकर तैयार हो जाएगा तो मुझे काफी प्रसन्नता होगी।
दीक्षांत समारोह को सांसद राधामोहन सिंह एवं महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के कुलाधिपति पद्मश्री डॉक्टर महेश शर्मा ने भी संबोधित किया।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण किया। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुल सचिव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री -सह – प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, सांसद गण, विधायक गण, पूर्व मंत्री गण, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्टी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉक्टर एस. सिद्धार्थ, विशिष्ट अतिथि तिरहुत प्रमंडल आयुक्त गोपाल मीणा सहित, वरीय पदाधिकारी गण, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के प्रोफेसरगण, उपाधि प्राप्त करनेवाले विद्यार्थीगण एवं उनकेअभिभावक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।