मुजफ्फरपुर: रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, छात्राओं ने जताई नाराजगी
मुजफ्फरपुर(बिहार)।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड स्थित श्रीराम जानकी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, तेपरी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर छात्र-छात्राओं में गहरी नाराजगी है। छात्राओं का आरोप है कि उनसे निर्धारित राशि से अधिक वसूली की जा रही है, और विरोध करने पर उन्हें धमकाया जाता है।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि शिक्षकों द्वारा ठंडा और नाश्ता की मांग की जाती है। विद्यालय में किसी भी तरह की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। बच्चों का कहना है कि वे सुविधा शुल्क देते हैं, परंतु विद्यालय में कोई भी बुनियादी सुविधाएं नहीं दी जातीं।
वहीं, इस मामले में विद्यालय के सम्बंधित शिक्षक ने बच्चों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि,इस दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मौजूद नहीं थे।
छात्राओं का कहना है कि परीक्षा फॉर्म और रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने के दौरान उनसे तय राशि से अधिक वसूली की जाती है, और कई बार रसीद में कम राशि दर्ज की जाती है, जबकि वास्तविक वसूली उससे अधिक होती है।
विद्यालय में इस प्रकार के आरोपों के बाद स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग से जांच की मांग की जा रही है।












