Advertisement

मुजफ्फरपुर में दो चचेरी बहनें लापता, रिश्ते के चाचा और चचेरे भाई के साथ जाने का आरोप; जांच में जुटी पुलिस

-मुजफ्फरपुर में दो चचेरी बहनें लापता, रिश्ते के चाचा और चचेरे भाई के साथ जाने का आरोप; जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र से रिश्तों को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक ही परिवार की दो चचेरी बहनों के एक साथ घर से लापता होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों युवतियां पड़ोस के दो युवकों के साथ घर छोड़कर चली गई हैं। आरोप है कि इनमें से एक युवक रिश्ते में चाचा, जबकि दूसरा चचेरा भाई लगता है।


जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की बताई जा रही है। उस समय दोनों युवतियों के परिजन रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच परिजनों को पता चला कि पड़ोस के दो युवक भी उसी समय से लापता हैं।
इसके बाद परिजन औराई थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों युवतियां उन्हीं युवकों के साथ गई हैं। परिजनों का कहना है कि एक युवती अपने रिश्ते के चाचा और दूसरी अपने चचेरे भाई के साथ घर छोड़कर चली गई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। औराई थाना पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है तथा मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवतियों की तलाश की जा रही है।
इस संबंध में डीएसपी ईस्ट-1 आलय वत्स ने बताया कि परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और दोनों युवतियों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।