-मुजफ्फरपुर में झमाझम बारिश से मिली राहत, बदला मौसम का मिजाज
-किसानों के चेहरे भी खिले
मुजफ्फरपुर। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से बेहाल मुजफ्फरपुरवासियों को शनिवार को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई। सुबह तेज धूप के साथ शुरू हुए दिन ने कुछ ही घंटों में ऐसा करवट बदली कि पूरा शहर काले बादलों से ढक गया और झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे अचानक मौसम में बदलाव शुरू हुआ। पुरवा हवा की जगह पछिया हवा चलने लगी और देखते ही देखते आसमान पर घने काले बादल छा गए। इसके बाद तेज ठंडी हवाओं के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक हुई बारिश ने न केवल सड़कों को तरबतर कर दिया, बल्कि भीषण गर्मी से परेशान लोगों को भी बड़ी राहत पहुंचाई। लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि इस बारिश ने “आत्मा तक ठंडक पहुंचा दी।”

शुक्रवार को भी बादलों ने बारिश की उम्मीद जगाई थी, लेकिन उस दिन केवल हल्की बूंदाबांदी ही हुई थी। शनिवार की अच्छी बारिश ने उस कमी को भी पूरा कर दिया।
यह बारिश किसानों के लिए भी किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है। खरीफ सीजन की फसलों, विशेषकर धान की नर्सरी (बिचड़े) के लिए यह पानी बेहद लाभदायक साबित होगा। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी इस बारिश के बाद खुशी लौट आई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में मानसून समय पर पहुंचने के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं हो रही थी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अल नीनो (El Niño) के प्रभाव के कारण मानसून कमजोर पड़ गया था, जिससे पर्याप्त वर्षा नहीं हो सकी। हालांकि अब हुई बारिश से मौसम में सुधार के साथ कृषि कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।












