Advertisement

मुजफ्फरपुर में एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए एथलेटिक्स चयन प्रक्रिया संपन्न, 65 खिलाड़ियों ने लिया भाग

-मुजफ्फरपुर में एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए एथलेटिक्स चयन प्रक्रिया संपन्न, 65 खिलाड़ियों ने लिया भाग

मुजफ्फरपुर | 27 जून 2025

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा प्रस्तावित एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना को लेकर विभिन्न जिलों में खिलाड़ियों के चयन हेतु आयोजित ट्रायल की श्रृंखला में मुजफ्फरपुर में दो दिवसीय चयन प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया।

जिला खेल कार्यालय, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में यह ट्रायल 26 एवं 27 जून 2025 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में आयोजित हुआ। चयन प्रक्रिया का उद्देश्य 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें एथलेटिक्स प्रशिक्षण हेतु चयनित करना था।

 

इसकी जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी श्री राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में न केवल मुजफ्फरपुर, बल्कि वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर एवं समस्तीपुर जिलों के खिलाड़ी भी शामिल हुए। चयन के लिए खिलाड़ियों को बैटरी टेस्ट सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों से गुजरना पड़ा, जिसमें हाइट, वजन, 30 मीटर दौड़, शटल रन, वर्टिकल जंप, ब्रॉड जंप, फ्लेक्सिबिलिटी टेस्ट और 800 मीटर दौड़ शामिल रहे।

दो दिवसीय ट्रायल में बालक वर्ग से 40 एवं बालिका वर्ग से 25, कुल मिलाकर 65 प्रतिभागी खिलाड़ियों ने भाग लिया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना से चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु ऋचा राज, श्वेता कुमारी और विजय संत्रवान ने ऑफिशल्स के रूप में अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों में करुणेश कुमार, कुंदन राज, रामकुमार राय शर्मा, अभिजीत आनंद, लालाबाबू सिंह, मिथलेश कुमार, प्रवीण वर्मा, श्वेताभ खान और अंकुश कुमार ने सहयोगी की भूमिका में योगदान दिया।

जिला खेल पदाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को बिहार सरकार एवं खेल विभाग द्वारा आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी जिससे उन्हें आगे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।

इस अवसर पर भानु प्रिया, अवधेश कुमार और विक्की कुमार भी उपस्थित रहे।

(रिपोर्ट: संवाददाता, मुजफ्फरपुर)