Advertisement

मुजफ्फरपुर पुलिस की पहल, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी मुफ्त रात्रि बस सेवा

-मुजफ्फरपुर पुलिस की पहल, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी मुफ्त रात्रि बस सेवा

-रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक होगा परिचालन, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मिलेगी राहत

मुजफ्फरपुर। त्योहारों के मौसम में घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस ने सराहनीय पहल की है। रेलवे जंक्शन पर देर रात उतरने वाले यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस ने निःशुल्क रात्रि बस सेवा शुरू की है। इस पहल से खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अब यात्रियों को देर रात सुनसान सड़कों पर वाहन तलाशने और मनमाना किराया देने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बुधवार की देर रात पुलिस लाइन से वरीय पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर बस को मुजफ्फरपुर जंक्शन के लिए रवाना किया। सेवा का शुभारंभ वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र, नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह देखा गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आम लोगों की मदद करना भी उसका दायित्व है। त्योहारों के दौरान दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। देर रात ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

पुलिस प्रशासन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान यह निःशुल्क बस सेवा 22 अक्टूबर तक संचालित होगी। वहीं, दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 6 नवंबर से 17 नवंबर तक भी इस सेवा का संचालन किया जाएगा। बस रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेगी। मुजफ्फरपुर जंक्शन से चलने वाली बस शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बस पड़ावों तक यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाने में मदद करेगी।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि त्योहारों के दौरान रात में ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार ऑटो और टैक्सी चालकों द्वारा यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर अधिक किराया वसूलने की शिकायतें भी सामने आती हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने निःशुल्क बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

बस पर ‘मुजफ्फरपुर पुलिस जनता की सेवा में सदैव तत्पर’ का संदेश अंकित किया गया है। पुलिस की इस पहल से त्योहारों में घर लौटने वाले लोगों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा। साथ ही, यह कदम पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।