-अपराध की योजना बनाते 4 अपराधी हथियार सहित गिरफ्तार,2 फरार
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना की पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस दौरान दो अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। घटनाक्रम को लेकर डीएसपी पूर्वी सहरियार अख्तर ने शुक्रवार को बताया कि 7 सितंबर की संध्या तकरीबन 7-8 बजे में सूचना मिली कि पियर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरपुर बांध से रामपुर-महिनाथ जाने वाली सड़क पर कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधकर्मी किसी बड़े घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्यवाई हेतु पियर थाना अध्यक्ष एवं उनके टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई और इस दौरान चार अपराधिकारियों को लोडेड पिस्टल एवं चोरी के मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया,हालांकि इस दौरान दो अन्य अज्ञात अपराधकर्मी अंधेरा का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराध कर्मियों में पीयर थाना के रामपुरदयाल का गोलू कुमार उर्फ घनश्याम तथा गायघाट थाना के मैठी का गुलशन कुमार,वैशाली जिले के पातेपुर थाना अंतर्गत बहुआरा का शुभम कुमार तथा पीयर थाना क्षेत्र के पीरापुर का ऋतिक कुमार शामिल है। इनके पास से 2 पिस्तौल,2 कारतूस, 2 मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल बरामद की गई है। डीएसपी ने बताया कि इनमें गोलू उर्फ घनश्याम का पीयर थाना में एवं शुभम कुमार का मिठनपुरा थाना में आपराधिक गतिविधियों का इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। सभी आपराधी पियर थाना क्षेत्र में किसी बड़े घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर इनको असलहे सहित गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी दल में पियर थाना अध्यक्ष पंकज यादव,अपर थाना अध्यक्ष कुमार सचिन, अभिनंदन कुमार, निवेदिता कुमारी, पंकज कुमार झा एवं कमलेश्वर नारायण मिश्रा आदि पुलिसकर्मी भी शामिल थे।















