मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बदलेगी प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीटीबी से होगी यात्रियों की आवाजाही
मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। जंक्शन के पुनर्विकास कार्य के तहत आने वाले दिनों में यात्रियों की आवाजाही कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग (सीटीबी) से कराने की योजना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इसको लेकर हाजीपुर रेल जोन की सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप (एसआइजी) की उच्चस्तरीय टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन का निरीक्षण किया। मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीएस) दिलीप कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्टेशन के प्ले
टफार्म संख्या 1, 2, 3, 6, 7 और 8 का जायजा लिया। अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्मों पर सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया गया। टीम ने नव निर्मित सीटीबी भवन का भी निरीक्षण किया और यात्रियों के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं को व्यवस्थित करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि यात्रियों को रास्ता खोजने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड और सूचना पट्ट लगाए जाएं। प्लेटफार्म संख्या दो पर निरीक्षण के दौरान वाटर कूलर का नल टूटा मिला। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और स्वच्छता से जुड़ी कमियों को चिह्नित किया गया। इन कमियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित स्तर पर सौंपी जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जंक्शन के पुनर्विकास के साथ यात्रियों के लिए आधुनिक, व्यवस्थित और बाधारहित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण दल में मुख्य सामान्य इंजीनियर, मुख्य पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक, मुख्य संचार इंजीनियर, मुख्य बिजली सामान्य इंजीनियर और मुख्य स्वास्थ्य निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। स्थानीय स्तर पर स्टेशन अधीक्षक शिवदास, टीआई मनोज कुमार सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी भी मौजूद रहे।














