-मुजफ्फरपुर के 4.17 लाख पेंशनधारियों को बड़ी सौगात, जून की पेंशन के 64.58 करोड़ रुपये खातों में पहुंचे
मुजफ्फरपुर, 10 जुलाई 2026। सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत मुजफ्फरपुर जिले के 4 लाख 17 हजार 2 लाभार्थियों के बैंक खातों में जून माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि के रूप में 64 करोड़ 58 लाख 31 हजार 400 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजे गए। पेंशन राशि बढ़ने और समय पर भुगतान होने से जिले के वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद लाभार्थियों में खुशी की लहर है। राज्य सरकार ने इस अवसर को “पेंशन उत्सव” के रूप में मनाया, जिसका उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक संबल प्रदान करना है।
मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव सहित कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिसमें लाभार्थियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे गरीब, वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।

जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1 लाख 27 हजार 221 लाभार्थियों को 27 करोड़ 98 लाख 86 हजार 200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 27 हजार 500 लाभार्थियों को 6 करोड़ 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 2 हजार 336 लाभार्थियों को 51 लाख 39 हजार 200 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 26 हजार 745 लाभार्थियों को 3 करोड़ 85 हजार 300 रुपये तथा बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 22 हजार 50 लाभार्थियों को 2 करोड़ 47 लाख 42 हजार 800 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। वहीं मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत सर्वाधिक 2 लाख 11 हजार 150 लाभार्थियों के खातों में 24 करोड़ 54 लाख 77 हजार 900 रुपये भेजे गए।
पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले मिलने वाली 400 रुपये मासिक पेंशन से दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल था, लेकिन अब 1100 रुपये प्रतिमाह मिलने से दवा, भोजन, कपड़े और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में काफी राहत मिलेगी। उनका कहना था कि यह निर्णय समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने सभी पेंशनधारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ केवल पात्र और वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले में अब तक 4 लाख 36 हजार 60 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण कराया जा चुका है। शेष लाभार्थियों से उन्होंने अपील की कि वे अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण करा लें, ताकि उनकी पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके।
जिला प्रशासन के अनुसार, पेंशन राशि को लगभग तीन गुना बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से लाखों लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। वहीं डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हुई है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने के साथ लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल रही है। राज्य सरकार का मानना है कि यह पहल समाज के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।












