-मुजफ्फरपुर की बेटी जया ने रचा इतिहास, तीनों प्रयासों में बीपीएससी पास कर बनीं डीएसपी
मुजफ्फरपुर। दीपक। जिले के गोबरसही चौक की रहने वाली जया ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर सफलता से एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा तीनों प्रयासों में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की और अब डीएसपी (पुलिस उपाधीक्षक) के पद पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
जया की सफलता की कहानी युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने पहले प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर रेवेन्यू ऑफिसर का पद हासिल किया। दूसरे प्रयास में उन्हें एडीडीसी का पद मिला और वर्तमान में वह सीतामढ़ी समाहरणालय में पदस्थापित हैं। तीसरे प्रयास में उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए डीएसपी की रैंक प्राप्त की है।

जया के पिता सुनील कुमार एक किराना दुकान संचालित करते हैं, जबकि उनकी माता दुर्गा रानी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली जया ने अपनी लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके छोटे भाई अभिजीत वर्तमान में जेएनयू से जर्मन लिटरेचर में पीएचडी कर रहे हैं।
जया की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और जया को बधाई दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जया ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।












