मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रबी महाअभियान-2026 का किया शुभारंभ, 40 किसान जागरूकता वाहन रवाना
-वैज्ञानिक खेती, जीरो टिलेज और आधुनिक कृषि तकनीकों को मिलेगा बढ़ावा, किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर
पटना, 15 अक्टूबर(दीपक तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष के सामने आयोजित कार्यक्रम में किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर वासंतिक (रबी) महाअभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 38 किसान जागरूकता वाहनों और दो ज्ञान वाहनों सहित कुल 40 वाहनों को रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
महाअभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना, पात्र किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के दौरान किसानों को गेहूं, मक्का, दलहन और तिलहन की उन्नत खेती, गुणवत्तापूर्ण कृषि उपादानों के उपयोग तथा बेहतर कृषि प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
महाअभियान के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान उपलब्ध कराने और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत फसल प्रत्यक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रखंड स्तर पर अनुदानित दरों पर कृषि उपादानों का वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

गेहूं की खेती में उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए जीरो टिलेज तथा सीड ड्रिल मशीनों से उन्नत बुआई तकनीकों को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को इन तकनीकों के फायदे बताते हुए खेती की लागत कम करने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और कृषि कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान किसानों तक तकनीकी जानकारी पहुंचाने के लिए किसान मेला, किसान पाठशाला, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषि परिभ्रमण, प्रक्षेत्र दिवस और किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान-2026 के माध्यम से भी किसानों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और उन्हें कृषि योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
महाअभियान में संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मिट्टी की जांच, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप उर्वरकों का इस्तेमाल करने और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीकों का प्रसार और किसानों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, कृषि विभाग के निदेशक मुकेश कुमार लाल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।












