-मुख्यमंत्री ने किया बापू टावर के प्रशासनिक कार्यालय का उद्घाटन
कहा– नई पीढ़ी को बापू के विचारों से मिलेगा मार्गदर्शन
–स्कूली बच्चों से मिलकर किया उत्साहवर्धन
-दीर्घाओं का अवलोकन
पटना। ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गर्दनीबाग स्थित बापू टावर के छठे तल पर नवनिर्मित प्रशासनिक कार्यालय का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने टावर परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने भूतल पर बने ओरियंटेशन हॉल, तीसरे और पांचवें तल की दीर्घाओं समेत पांचों रैम्पों का भ्रमण किया। उन्होंने गांधी जी के जीवन, उनके विचारों, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और बिहार से उनके जुड़ाव को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने स्क्रीन प्रोजेक्टर, म्यूरल्स और कटआउट्स के माध्यम से बापू के जीवन पर आधारित जानकारियां दीं।

मुख्यमंत्री ने बापू टावर को “भव्य और दर्शनीय” बताते हुए कहा कि यहां आने वाली नई पीढ़ी को गांधी जी के विचारों को जानने और समझने का शानदार अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बापू टावर में रिसर्च सेंटर, प्रतीक्षा कक्ष, प्रेक्षागृह, लाउंज और आगंतुक सुविधाएं अत्यंत व्यवस्थित हैं। परिसर को हरा-भरा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बापू टावर भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे बापू के आदर्शों को समझें और अपने जीवन में आत्मसात करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव सह भवन निर्माण सचिव श्री कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा, अन्य वरीय पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद थे।












