मीनापुर : युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या
-शव कद्दू के ठाठ में मिला -गांव में फैली सनसनी
मीनापुर थाना के दरहीपट्टी गांव के 28 वर्षीय अर्जुन पासवान का शव आज अलिनेउरा पंचायत के वार्ड एक में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव को लाल रंग की शर्ट से कद्दू के ठाठ में बांधा गया था, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटनास्थल पर मीनापुर थाना के दरोगा ऋतु रंजन और मधु भारती पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। एसएफएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक अर्जुन पासवान के परिवार ने हत्या के पीछे गांव के ही एक सूदखोर का हाथ होने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी किरण देवी, बड़े भाई अरुण पासवान और पिता ढ़ोड़ाई पासवान ने बताया कि अर्जुन पर सूद का पैसा बकाया था, जिसे न चुका पाने के कारण उसकी हत्या कर दी गई। दो दिन पहले भी अर्जुन की बाइक छीन ली गई थी और उसे धमकियां दी गई थीं।
अरुण पासवान ने बताया कि घटना वाली रात अर्जुन को गांव के एक किराना दुकान के पास शराब पीते देखा गया था, लेकिन उसके बाद से वह गायब हो गया। पूरी रात परिवार उसकी तलाश में जुटा रहा, लेकिन सुबह गांव में कोहराम मचने पर उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली।
मृतक अर्जुन मवेशी पालन और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी किरण देवी और मां सुनैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अर्जुन के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बच्ची शिवांगी कुमारी पांच साल की है, जबकि सबसे छोटा बेटा सत्या कुमार सिर्फ सात-आठ महीने का है।












