Advertisement

मिथिलांचल को बड़ी सौगात: समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड दोहरीकरण पूरा

-मिथिलांचल को बड़ी सौगात: समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड दोहरीकरण पूरा

-120 किमी/घंटा की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल

समस्तीपुर। मिथिलांचल के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण परियोजना के तहत नवनिर्मित रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का गुरुवार को सफल निरीक्षण और स्पीड ट्रायल पूरा कर लिया गया। इस उपलब्धि के साथ ही पूरे समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के डबल लाइन कार्य के पूर्ण होने का रास्ता साफ हो गया है।

संरक्षा आयुक्त (रेलवे) पूर्वी परिमंडल कोलकाता गुरु प्रकाश और डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संयुक्त रूप से रामभद्रपुर से थलवारा तक पूरे रेलखंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मोटर ट्रॉली से ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी सुविधाओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के बाद विशेष ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाकर सफल स्पीड ट्रायल किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल पूरी तरह सफल रहा, जिसके बाद इस रेलखंड पर नियमित ट्रेनों के परिचालन का मार्ग लगभग प्रशस्त हो गया है। माना जा रहा है कि दोहरीकरण परियोजना के पूरा होने से ट्रेनों की लेटलतीफी में कमी आएगी और यात्रियों को अधिक सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही डीएमयू ट्रेनों की यात्रा अवधि कम होने की संभावना जताई जा रही है। मालगाड़ियों की तेज आवाजाही से कृषि उत्पादों और व्यापारिक सामानों के परिवहन को भी नई गति मिलेगी। मुक्तापुर, लहेरियासराय, दरभंगा और तारसराय के माल गोदामों में गुड्स ट्रैफिक बढ़ने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय कारोबार को मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि 38 किलोमीटर लंबी समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना में पहले ही 26 किलोमीटर हिस्से का कार्य पूरा किया जा चुका था। गुरुवार को 12 किलोमीटर लंबे रामभद्रपुर-थलवारा सेक्शन के सफल निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के साथ पूरी परियोजना का डबल लाइन कार्य संपन्न हो गया।

रेलवे का मानना है कि इस परियोजना से समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर समेत पूरे मिथिलांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा।