-महादलित टोले में नल-जल योजना फेल, 50 परिवार बूंद-बूंद पानी को मोहताज
मुजफ्फरपुर। जिले के मुसहरी प्रखंड के मुसहरी उर्फ राधानगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित महादलित टोला में मुख्यमंत्री नल-जल योजना ग्रामीणों के लिए बेअसर साबित हो रही है। आरोप है कि योजना के तहत पाइपलाइन और नल तो लगाए गए, लेकिन आज तक एक बूंद भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके कारण करीब 50 परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी और बरसात के मौसम में भी उन्हें स्वच्छ पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वार्ड पति महादेव पासवान ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार पीएचईडी विभाग में आवेदन दिया गया और संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन न तो कॉल रिसीव किया गया और न ही अब तक कोई ठोस कार्रवाई हुई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना उनके वार्ड में पूरी तरह विफल साबित हुई है। लोगों का कहना है कि योजना पर खर्च होने के बावजूद उन्हें इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।
पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। वार्ड पति ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराते हुए जल्द से जल्द नल-जल योजना को चालू कराने की अपील की है, ताकि महादलित टोला के करीब 50 परिवारों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।












