Advertisement

भूमिहीन परिवारों को जमीन देने समेत 10 सूत्री मांगों पर लोक चेतना दल का धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

-भूमिहीन परिवारों को जमीन देने समेत 10 सूत्री मांगों पर लोक चेतना दल का धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरपुर। गरीब भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लोक चेतना दल ने शनिवार को जिला समाहरणालय स्थित धरना स्थल पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने जिलाधिकारी और राज्य सरकार के समक्ष 10 सूत्री मांगें रखीं तथा शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
धरने को संबोधित करते हुए लोक चेतना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा ने कहा कि गोबरसही, डुमरी और पोखरपुर के गरीब भूमिहीन परिवारों को लगभग चार वर्ष पूर्व हटाया गया था, लेकिन आज तक उन्हें जमीन, आवास, शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर संगठन ने कई बार धरना और आमरण अनशन जैसे आंदोलन किए, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संगठन ने अपनी 10 सूत्री मांगों में भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन देने, सूचना के अधिकार से जुड़े प्रथम अपीलीय मामलों की समयबद्ध सुनवाई, जनता दरबार मामलों की एटीआर उपलब्ध कराने, लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों के स्थानांतरण, आरटीआई आवेदनों का 30 से 45 दिनों के भीतर निष्पादन, राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया सरल करने, मनरेगा मजदूरों को 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित करने, सदर अस्पताल की अव्यवस्था दूर करने, मरीजों की पर्ची की वैधता 30 दिन करने तथा धरना स्थल पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।


राष्ट्रीय महासचिव शाकिंद्र कुमारी यादव ने कहा कि सरकार गरीबों को जमीन उपलब्ध कराने के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग वर्षों से कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। प्रदेश संगठन सचिव धनवंती देवी ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण भूमिहीन परिवार आज भी अपने अधिकारों से वंचित हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
जिला महासचिव आनंद कुमार झा ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक जनआक्रोश मार्च और आंदोलन चलाया जाएगा।
धरना के बाद जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया गया। संगठन के अनुसार प्रशासन ने 10 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरना-प्रदर्शन में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार झा, राष्ट्रीय महासचिव शाकिंद्र कुमारी यादव, प्रदेश संगठन सचिव धनवंती देवी, स्वरोजगार मंच की अध्यक्ष मिथलेश देवी, जिला महासचिव आनंद कुमार झा, जिला अध्यक्ष मनीष कुमार सहित किरण देवी, राजकुमारी देवी, जरीना खातून, शकीला खातून, शीला देवी, सुनीता देवी, रीता देवी, संगीता देवी, सरिता देवी, चंदा देवी, भारत राय, लक्ष्मण राय, शत्रुघ्न राय एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।